विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) की नाबाद 97 रन की बदौलत भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से 5 मार्च को होगा। सुपर 8 के इस मुकाबले में वेस्टइंडीज टीम ने भारत के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को 4 गेंद शेष रहते जीत लिया। मैच के हीरो सैमसन ने 50 गेंदों पर 4 छक्के और 12 चौकों की मदद से 97 रन की पारी खेली।
तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
संजू सैमसन की नाबाद 97 रन की पारी ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। संजू अब लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए है। कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेज करते हुए 82 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, टी20 विश्व कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ भी विराट ने नाबाद 82 रन बनाए थे।
भारत छठी बार सेमीफ़ाइनल में
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्ड छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। पाकिस्तान और इंग्लैंड भी 6 बार सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें : Sahibzada Farhan बने एक T20 World Cup में दो शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी
भारत का सबसे बड़ा टी-20 वर्ल्ड कप रनचेज
वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 रन का लक्ष्य हासिल कर टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना सबसे बड़ा रनचेज दर्ज किया। इससे पहले 2014 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 173 रन चेज किए थे। ऑल टाइम रनचेज कि बात करें तो यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। 2016 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 230 रन बनाकर किया था।
